गोंडा। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 में शुक्रवार को जिले के 76.90 प्रतिशत शिक्षकों ने मताधिकार का प्रयोग किया। जिले के 12 मतदान केंद्रों पर कुल 2,805 निर्वाचकों में से 2,157 ने वोट डाले। इनमें 1,591 पुरुष और 566 महिलाएं शामिल रहीं। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मतपेटियां गोरखपुर भेज दी गईं। मतगणना 27 अक्तूबर को होगी।
सुबह आठ बजे मतदान शुरू होने के बाद शुरुआती घंटों में रफ्तार धीमी रही। दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत बढ़ा। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने फखरुद्दीन अली अहमद राजकीय इंटर कॉलेज और गांधी विद्यालय रेलवे कॉलोनी, बड़गांव केंद्र का निरीक्षण किया। सभी केंद्रों पर पुलिस तैनात रही। मतदाताओं को मोबाइल बाहर रखकर मतदान करने के निर्देश दिए गए।
सुबह 10 बजे तक 13.83 प्रतिशत, दोपहर 12 बजे तक 39.18 प्रतिशत और दोपहर दो बजे तक 58.97 प्रतिशत मतदान हुआ। अंतिम दो घंटे में 503 मतदाताओं ने वोट डाले। शाम चार बजे तक मतदान प्रतिशत 76.90 पहुंच गया।
परसपुर में सर्वाधिक, जीआईसी में सबसे कम मतदान
क्षेत्र पंचायत कार्यालय परसपुर में सर्वाधिक 90.07 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां 151 में से 136 मतदाताओं ने वोट डाले। कटरा बाजार में 88.14 और कौड़िया में 86.11 प्रतिशत मतदान हुआ। करनैलगंज में 85.59, बेलसर में 85.14, बभनजोत में 83.81, धानेपुर-मुजेहना में 82.09 और मनकापुर में 81.63 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जीआईसी गोंडा के कमरा नंबर दो में सबसे कम 62.68 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां 619 में से 388 मतदाताओं ने वोट डाले। बड़गांव में 68.47, नवाबगंज में 73.20 और खरगूपुर में 76.77 प्रतिशत मतदान हुआ।
पुरानी पेंशन बहाली और सेवा सुरक्षा रहे प्रमुख मुद्दे
मतदान करने वाले शिक्षकों ने पुरानी पेंशन बहाली, सेवा सुरक्षा, अशासकीय विद्यालयों के राजकीयकरण, उचित मानदेय और शिक्षा की गुणवत्ता को प्रमुख मुद्दा बताया। शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज के शिक्षक पवन कुमार और शिवप्रसाद ने पुरानी पेंशन बहाली, सेवा सुरक्षा और अशासकीय विद्यालयों के राजकीयकरण की मांग उठाई। सर सैय्यद गर्ल्स इंटर कॉलेज के शिक्षक शमशुल हक ने निजी विद्यालयों में शोषण रोकने और उचित मानदेय देने पर जोर दिया। रोजवुड इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य सरिता पांडेय ने शिक्षा की गुणवत्ता को प्राथमिकता बताया। रवि चिल्ड्रेन एकेडमी के मनोज कुमार शुक्ल ने शिक्षा सुधार को गांवों तक पहुंचाने की जरूरत बताई। सरयू कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज की शिक्षिका केसराज सरोज ने पुरानी पेंशन और सेवा सुरक्षा को अहम बताया।
भाजपा-सपा के बीच ही सिमटा मुकाबला
गोंडा। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में वैसे तो 16 प्रत्याशी मैदान में हैं लेकिन मुख्य मुकाबला भाजपा के ध्रुव कुमार त्रिपाठी और सपा के डॉ. संजयन त्रिपाठी के बीच ही सिमटता दिखा। मतदान केंद्रों पर दोनों प्रत्याशियों के समर्थक अपने-अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटे रहे। बड़े नेता भी चुनावी गतिविधियों के बीच डेरा डाले नजर आए।
मतदान के बाद केंद्रों से बाहर निकले शिक्षक मतदाताओं के बीच सेवा और सुरक्षा जैसे मुद्दे चर्चा में रहे। कुछ मतदाताओं ने खुलकर अपनी राय रखी तो कुछ ने इशारों में ही अपनी पसंद जाहिर की। शिक्षकों के बीच प्रत्याशियों के कामकाज, शिक्षक हितों और उनकी समस्याओं को लेकर भी चर्चा होती रही। चुनाव में 16 प्रत्याशियों की मौजूदगी के बावजूद मतदान केंद्रों पर भाजपा और सपा प्रत्याशियों को लेकर अधिक चर्चा दिखाई दी। समर्थक मतदाताओं से संपर्क कर अपने प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन जुटाने में लगे रहे। (संवाद)
भाजपा-सपा ने आजमाए सियासी समीकरण
गोंडा। गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में शुक्रवार को मतदान के साथ भाजपा और सपा के दावों की परीक्षा हुई। दोनों दलों ने प्रचार के दौरान शिक्षकों के बीच अपनी पकड़ मजबूत होने का दावा किया था। अब 16 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला मतगणना से होगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी ने सरकारी योजनाओं, संगठन की सक्रियता और महिला सुरक्षा को पार्टी के पक्ष का आधार बताया। उनके मुताबिक, क्षेत्र के सांसदों-विधायकों और उनके संपर्क में रहने वाले लोगों के निजी व सहायता प्राप्त विद्यालयों से जुड़े होने का लाभ पार्टी को मिल सकता है। उन्होंने शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा समेत अन्य सरकारी योजनाओं से जोड़ने को भी सकारात्मक पहल बताया।
सपा जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन ने पुरानी पेंशन को प्रमुख मुद्दा बताया। सपा शिक्षक सभा के मंडलीय प्रभारी प्रो. मंशाराम वर्मा ने शिक्षकों में बदलाव की इच्छा होने का दावा किया। पार्टी प्रवक्ता जावेद मंटू ने भी सपा की स्थिति मजबूत बताई।
अब मतगणना से पता चलेगा कि भाजपा के संगठन और सरकारी योजनाओं के दावों का कितना असर रहा और सपा की पुरानी पेंशन व बदलाव की अपील को कितना समर्थन मिला।
जीआईसी में मतदान के लिए पहुंचे शिक्षक, तैनात पुलिय बल व वोटिंग से उत्साहिक शिक्षिकाएं। संवाद
जीआईसी में मतदान के लिए पहुंचे शिक्षक, तैनात पुलिय बल व वोटिंग से उत्साहिक शिक्षिकाएं। संवाद
जीआईसी में मतदान के लिए पहुंचे शिक्षक, तैनात पुलिय बल व वोटिंग से उत्साहिक शिक्षिकाएं। संवाद
जीआईसी में मतदान के लिए पहुंचे शिक्षक, तैनात पुलिय बल व वोटिंग से उत्साहिक शिक्षिकाएं। संवाद
जीआईसी में मतदान के लिए पहुंचे शिक्षक, तैनात पुलिय बल व वोटिंग से उत्साहिक शिक्षिकाएं। संवाद