जिले में कई स्थानों पर मंगलवार को आग लगने से 18 लोगों के आशियाने व 38 बीघा फसल जल गई। आग की चपेट में आने दो बकरियां झुलसकर मर गईं।
थाना छपिया के बखरौली ग्राम पंचायत के भुइगावां मदनापुर मजरे में दोपहर अज्ञात कारणों से लगी आग में राजेश, रामशबद, शिव बहादुर, कृष्णा प्रसाद, शब्बीर, विश्वनाथ, घनश्याम, सहगूं, पुद्दन, गौरीशंकर, भदाऊं, चिन्ताराम, हरिशंकर के छप्पर के घर जल गए।कृष्णाप्रसाद की दो बकरियंा, गौरी शंकर की सात बीघा गेहूं व कालीप्रसाद की तीन बीघा गन्ना व एक बीघा गेहूं की फसल जल गई।
इसी थाना क्षेत्र के हड़िया गांव में मंगलवार की शाम लगी आग से जगराम, श्रीराम व रामतौल के छप्पर के घर जल गए। कौड़िया थाना क्षेत्र के मिश्र कौड़िया गांव में मंगलवार की दोपहर लगी आग से शेषधर मिश्र की 20 बीघा, कमला प्रसाद की दो बीघा, महराजदत्त की तीन बीघा गन्ने की फसल जलकर नष्ट हो गई।
यहीं के उमरा गांव के रहने वाले वंशीधर मिश्र की तीन बीघा गन्नं की फसल व मड़हा जलकर राख हो गया। खरगूपूर थाना क्षेत्र के कमड़ावा गांव में खलिहान में लगी आग के चलते गांव के गुड्डू व नंदकिशोर के छप्पर के घर जलकर राख हो गए।
उधर, नवाबगंज थाना क्षेत्र के ब्यौदा माझा गांव के डीहा मजरा में आग लगने से दो लोगों के घर व तीन लोगों के खलिहान समेत करीब एक लाख इक्यावन हजार की संपत्ति जलकर राख हो गई। हल्का लेखपाल अशोक श्रीवास्तव ने बताया कि ब्यौदा डीह के निवासी जगदंबा के घर सुबह करीब ग्यारह बजे लगी आग पड़ोस के रामसजीवन के घर में भी फैल गई, जिससे करीब एक लाख पच्चीस हजार का सामान जलकर राख हो गया।
वहीं चंद कदम दूरी पर स्थित खलिहान में रखा गेहूं व भूसे के ढेर में आग लगने से करीब छब्बीस हजार का अनाज जलकर राख हो गया। आग से खलिहान में कृष्णा, रामउदित की फसल व भूसा तथा अनंतराम का इंजन जल गया।