शुक्रवार की भोर से ही दोनों शिव मंदिरों में शुरू होगा जलाभिषेक, व्यवस्थाएं रहेंगी दुरुस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
करनैलगंज/खरगूपुर/गोंडा। बृहस्पतिवार को जिले की सभी सड़कें भगवा मय दिखाई देंगी। हरतालिका तीज के मौके पर विभिन्न शिव मंदिरों में जलाभिषेक करने के लिए करनैलगंज के सरयू नदी से जल भरने के लिए करीब 15 लाख कांवरियों का हुजूम बृहस्पतिवार को सरयू तट पर उमड़ेगा। हालांकि, प्रशासन ने जबरदस्त व्यवस्था के इंतजाम किए हैं। किसी भी घटना, दुर्घटना या आपदा से निपटने के लिए सरयू घाट से लेकर दु:खहरणनाथ मंदिर गोंडा, पृथ्वीनाथ मंदिर खरगूपुर, लोधेश्वरनाथ महादेव मंदिर रामनगर, बरखंडी नाथ महादेव मंदिर करनैलगंज के बीच कांवरियों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत परेशानी न हो इससे बचाने के लिए जगह-जगह स्वास्थ्य कैंप, एम्बुलेंस, पुलिस मोबाइल टीम बनाई गई है। इस वर्ष कांवरियों की संख्या में इजाफा होने के आसार दिखाई दे रहे हैं और ठीक उसी संख्या के आधार पर सरयू घाट पर व्यवस्थाएं भी की गई हैं।
सरयू घाट पर स्नान करते समय ड्रोन कैमरे से निगरानी एवं सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। प्रकाश व्यवस्था के लिए जगह-जगह हैलोजन हाई मास्क लाइट लगाई गई है। सरयू घाट से करनैलगंज के बीच में लगातार स्ट्रीट लाइट लगाई गई है। नदी के भीतर बैरिकेडिंग कर दी गई है। कांवरिया किसी भी तरह बैरिकेडिंग से बाहर न जाए। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पीएसी के साथ-साथ पुलिस बल तैनात किया गया है। स्वास्थ्य विभाग का कैंप लगाया गया है जहां चिकित्सक एंबुलेंस के साथ खुद मौजूद रहेंगे।
वाहनों के संचालन पर रहेगा अंकुश, बैरियर सक्रिय
कांवड़ यात्रा को देखते हुए जिले में वाहनों के प्रवेश पर अंकुश लगाने के लिए जगह-जगह बैरियर लगाए गए हैं। वाहनों का संचालन बुधवार की शाम को बंद कर दिया गया। मात्र छोटे वाहन जिनका रूट डायवर्ट कर दिया गया है। वह भी बंद कर दिए गए। मात्र कांवरियों के वाहनों को सरयू घाट से करीब आधा किलोमीटर पहले लगे बैरियर नारायनपुर माझा मोड तक जाने की इजाजत रहेगी। उसके बाद सभी वाहन वापस कर दिए जाएंगे। प्रशासन की सभी व्यवस्थाएं स्वस्थ दुरुस्त कर ली गई और बृहस्पतिवार को कांवरियों का हुजूम गोंडा लखनऊ मार्ग, करनैलगंज, कटरा, खरगूपुर मार्ग, करनैलगंज से जरवल रोड पर पूरी तरह भगवामय हो जाएगा।
सुरक्षा के विशेष इंतजाम का खाका तैयार
हरतालिका तीज मेले को निपटाने के लिए मंडलायुक्त, डीआईजी, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिला अधिकारी के साथ-साथ करीब एक दर्जन विभागों के विभागाध्यक्ष सहित चार अपर पुलिस अधीक्षक, 13 पुलिस उपाधीक्षक, 67 इंस्पेक्टर और थानाध्यक्ष के साथ 430 उप निरीक्षक, 635 हेड कांस्टेबल और 1300 पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए लगाई गई है।
सड़क पर रहेंगे कांवड़िए, दो दिन स्कूल-कॉलेज बंद
जिले में हरतालिका तीज पर सड़क पर शिवभक्तों की धूम रहेगी। ऐसे में जिला प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रा के रूट वाले स्कूल कॉलेज बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। करनैलगंज, हलधरमऊ, कटरा बाजार, रुपईडीह, नगर क्षेत्र व झंझरी शिक्षा क्षेत्र के स्कूलों में खंड शिक्षा अधिकारियों को रूट पर पड़ने वाले स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया गया है। देर शाम कमिश्नर शशिभूषण लाल सुशील और डीएम नेहा शर्मा समेत अफसरों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। साथ ही स्थानीय स्तर पर लगे अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। बीएसए अतुल कुमार तिवारी ने बताया कि दु:खहरण नाथ और पृथ्वीनाथ रूट के विद्यालय फिलहाल के लिए बंद रहेंगे। हालांकि, स्पष्ट नहीं किया गया है। वहीं हरतालिका तीज के मौके पर सभी विद्यालय बंद रहेंगे।