गोंडा। गन्ना सहकारी समिति नवाबगंज क्षेत्र के महंगूपुर गांव में गन्ना पर्ची बनवाने में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा सामने आया है। इसमें ग्राम प्रधान सहित 15 लोगों के खिलाफ जांच कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है। जिला गन्ना अधिकारी सुनील सिंह ने कहा कि रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
नवाबगंज ब्लाॅक के ग्राम महंगूपुर निवासी संदीप पांडेय ने गन्ना विभाग में फर्जीवाड़े की शिकायत की थी। आरोप लगाया था कि ग्राम प्रधान संतोष पांडेय ने अपनी व 14 अन्य लोगों की खतौनी पर रकबे से अधिक गन्ना पर्ची बनवा ली है। इसी तरह कई वर्षो से अधिक पर्चियां बनवा रहे हैं। क्षेत्रीय किसानों का गन्ना कम दाम पर खरीदकर अपनी पर्चियों पर बेचकर मुनाफा कमाते हैं। इसके चलते छोटे किसानों को पर्ची नहीं मिल पाती है।
मामले में समिति के सचिव अवधेश प्रताप सिंह ने जांच कराई। जिसमें बड़े पैमाने में फर्जीवाड़ा सामने आया है। इसमें विभाग के कर्मचारियों की भी मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अब विभागीय कार्रवाई होने की उम्मीद है।