जिले में अलग-अलग गांवों में अज्ञात कारणों से आग लगने से 13 लोगों के आशियाने जल गए। आग से करीब चार लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। खरगूपुर थाना क्षेत्र के फरेंदा शुक्ल गांव के रहने वाले भगवानदीन के घर में सोमवार की भोर अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की चपेट में आकर पड़ोस के सहजराम, सुंदरलाल, जगदंबा प्रसाद व राजू तिवारी के घर व इनमें रखा सामान जल गया।
अगिभनशमन दल ने ग्रामीणों संग मिलकर किसी तरह आग पर काबू पाया। आग बुझाते समय गांव के सुंदरलाल व बड़के ईंट गिरने से घायल हो गए। ग्राम प्रधान अन्नू देवी ने बताया कि आग से तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
उधर, देहात कोतवाली क्षेत्र के ठकुरापुर गांव में रविवार की रात अज्ञात कारणों से छबीले के छप्पर के घर में आग लग गई। आग की चपेट में आने से पड़ोस रेशमलाल, श्यामलाल व जीतन के घर व सामान जलकर राख हो गया।
ग्राम प्रधान रमकला ने बताया कि आग से एक लाख की संपत्ति का नुकसान हुआ है। वहीं, करनैलगंज क्षेत्र के बसेरिया गांव के मजरा टेपरा पुरवा में रविवार की रात अचानक लगी आग से दुखू, विनोद, जंगली व रमेश के छप्पर के घर जलकर राख हो गए।
ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। एसडीएम अनिल कुमार मिश्र ने बताया कि पीड़ितों को सहायता दिलाई जाएगी।