जीजीआईसी में एसआईआर फॉर्म भरवाते बीएलओ व सुपरवाइजर। - संवाद
गोंडा। जिले में मतदाता सूची के 14.80 लाख मतदाताओं का शनिवार शाम तक विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) किया जा चुका है। वहीं, बीएलओ को अपने घर पर 12,600 मतदाता नहीं मिले। 16,196 मतदाता एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत पाए गए हैं। उन्हें मतदाता सूची से बाहर किया जाएगा।
जिले की मतदाता सूची में 25.52 वोटर पंजीकृत हैं। चार दिसंबर तक सभी मतदाताओं का एसआईआर पूरा किया जाएगा। शुक्रवार शाम चार बजे की एसआईआर की प्रगति रिपोर्ट के अनुसार, लगभग 14.80 लाख यानी 58.03 प्रतिशत मतदाताओं को डिजिटाइज किया जा चुका है।
एडीएम आलोक कुमार ने बताया कि रविवार अवकाश के दिन भी एसआईआर की प्रक्रिया जारी रहेगी। इसके लिए सभी को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। चार दिसंबर तक एसआईआर की सभी जरूरी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वहीं, बीएलओ को न मिलने वाले मतदाताओं के घर पर नोटिस चस्पा किया जाएगा।
इसी तरह से एसआईआर के दौरान कई मतदाता पहले से पंजीकृत पाए गए। उन्हें भी बाहर किया गया है। कुल मिलाकर सभी बूथों पर सुचारू रूप से एसआईआर का काम चल रहा है। डीएम के निर्देश पर जिलास्तरीय अधिकारी समस्याओं का समाधान करा रहे हैं।
फोन से सुलझाई जा चुकी हैं समस्याएं
डीआईओएस डॉ. रामचंद्र ने बताया कि नए बीएसए के तौर पर अमित कुमार सिंह को जिम्मेदारी दी जा चुकी है। हालांकि शिक्षकों की समस्याओं का समाधान किया गया है। कई शिक्षकों को फोन के जरिये बीएलओ का काम सुचारू ढंग से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षकों की सभी समस्याओं का समाधान किया गया है, कोई दिक्कत नहीं है।
बीएलओ स्तर से किया जा सकता है सुधार
चुनाव कार्यालय के अधिकारियों का कहना है कि बीएलओ स्तर से किसी भी तरीके की गड़बड़ी को सुधार किया जा सकता है। इसके लिए संबंधित मतदाता अपने बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही अब तक जो मतदाता एसआईआर की प्रक्रिया से बाहर हैं, तत्काल बीएलओ के माध्यम से एसआईआर फॉर्म भरकर जमा कर सकते हैं। सभी को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
धीमा रहा सर्वर, एसआईआर में आई दिक्कतें
परसपुर के मधईपुर खांडेराय में बीएलओ प्रमा, फूलमती और मालती एसआईआर फाॅर्म एकत्र करतीं नजर आईं। मलांव के प्राथमिक विद्यालय बूथ की बीएलओ रीना घर-घर पहुंचकर एसआईआर फॉर्म जमा किया। शिक्षामित्र सविता सिंह समेत अन्य एसआईआर फॉर्म डिजिटलाइज्ड करते रहे। प्रभारी प्रधानाध्यापक कृष्ण मुरारी कौशल ने बताया कि दिन में बेवसाइट का सर्वर धीमा रहने से फीडिंग कार्य में दिक्कत रही। उन्होंने बताया कि लगभग 55 से 60 प्रतिशत फीडिंग हो गई है।