गोंडा। नवाबगंज थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव के समीप फोर-लेन हाइवे किनारे माहेश्वरी समाज की ओर से बनवाए जा रहे शौर्य भवन के दो साइड इंजीनियर से दो लोगों ने 10 लाख रुपये रंगदारी मांगी। न देने पर आरोपियों ने दोनों साइड इंजीनियर की जमकर पिटाई की। मामले में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
शौर्य भवन के साइड इंजीनियर आजमगढ़ जिले के रजादेपुर कादीपुर निवासी राकेश कुमार नायक ने बताया कि वह कोठारी बंधुओं की याद में नवाबगंज के महेशपुर गांव के समीप शौर्य भवन का बनवा रहे हैं। शौर्य भवन निर्माण का काम देखने वह अपने साथी साइड इंजीनियर रायबरेली जिले के थाना डीह के पूरे दक्षिणी गोसाईं निवासी अखिलेश गिरी के साथ 17 जून को गए थे। वहां नवाबगंज थाना क्षेत्र के खुर्दाबाद जफरापुर निवासी अनंतराम यादव, इस्माइलपुर निवासी पुरुषोत्तम सिंह व यहीं के रहने वाले सतीश सिंह साइड पर आए और काम कर रहे अखिलेश गिरी को मारने लगे। 10 लाख रुपये रंगदारी मांगी। न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि साइड इंजीनियर राकेश कुमार नायक की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मारपीट, धमकी व रंगदारी मांगने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी अनंतराम यादव व पुरुषोत्तम सिंह को टिकरी रोड रेहली मोड़ से गिरफ्तार कर लिया गया है। अनंतराम नवाबगंज थाने का हिस्ट्रीशीटर है।