कासिमाबाद। बरेसर थानाक्षेत्र के हुसैनाबाद गांव के बाहर बुधवार की देर रात एक युवक संदिग्ध परिस्थिति में मृत मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया। बृहस्पतिवार को परिजन और ग्रामीणों ने मर्चरी हाउस से निकल रहे शव को रोक लिया और न्याय की मांग करने लगे। पुलिस ने समझा-बुझाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इधर इकलौते पुत्र की मौत से माता-पिता बार-बार अचेत हो जा रहे थे। ग्रामीण उन्हें सांत्वना देने में जुटे हुए थे।
गांव निवासी कृष्णा ठाकुर (21) देर शाम गांव में ही आयोजित तेरही में शामिल होने गया था। वहां से वह घर वापस लौटा। कुछ ही देर बाद उसके मोबाइल पर किसी का फोन आने पर वह घर से निकल पड़ा। रात करीब डेढ़ बजे परिजनों को सूचना मिली कि कृष्णा गांव के बाहर अचेत अवस्था में पड़ा है। घटना की जानकारी पुलिस को देने के साथ ही परिजन युवक को उपचार के लिए बाराचवर सीएचसी लेकर आए, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने रात के समय शव को कब्जे में लेकर मर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवा दिया। घटना के दूसरे दिन जिला महिला अस्पताल स्थित मर्चरी पहुंचे परिजनों एवं ग्रामीणों ने शव को रोक लिया और न्याय की मांग करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इधर इकलौते पुत्र की मौत से अचेत पिता हरेराम ठाकुर ने रोते-बिलखते बताया कि पुत्र की गला दबाकर एवं मारपीट कर हत्या की गई है। उसका दाहिना हाथ टूटा हुआ है और गले पर रस्सी का निशान भी है। मृतक की मां मंती देवी एवं बहनों के बिलखने से गांव में मातम पसर गया। बरेसर थानाध्यक्ष राजेश बहादुर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।