गाजीपुर। खानपुर थाना क्षेत्र के फरीदहां गांव के सामने बृहस्पतिवार की देर रात स्पीड ब्रेकर पर उछलकर अनियंत्रित बाइक विद्युत पोल से जा टकराई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
घोघवा निवासी राकेश कुमार (25) देर रात बाइक से अपने दो दोस्तों विपिन प्रसाद और पाई कुमार के साथ स्थानीय बाजार में गया था। वहां से तीनों दोस्त एक बाइक पर वापस घर आ रहे थे। तेज रफ्तार बाइक फरीदहां गांव के सामने स्पीड ब्रेकर पर उछलते हुए सड़क किनारे लगे बिजली पोल से जा टकराई। टक्कर से बाइक चालक राकेश का सिर फट गया और मौके पर ही मौत हो गई। चालक हेलमेट नहीं पहने हुए था। जबकि उसके दोनों साथी गंभीर रूप घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए नजदीक के अस्पताल में भेजा गया। आनन- फानन में मौके पर पंहुचे परिजन पुलिस को सूचना दिए बिना युवक का शव लेकर घर चले आए। देर रात 12 बजे उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिवार के कमाऊ पुत्र की मौत से घर में मातम छाया हुआ है। मां सहित तीनों बहने और एक भाई रो- रो कर बेहाल हैं।