मुहम्मदाबाद में सड़क हादसा में एक युवक की मौत के बाद रोती बिलखती महिलाएं।
- फोटो : GHAZIPUR
मुहम्मदाबाद। कोतवाली क्षेत्र के गाजीपुर-हाजीपुर राष्ट्रीय राज मार्ग-31 स्थित सूरतापुर गांव के पास बुधवार की दोपहर प्राइवेट बस के टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि एक वृद्ध और बालक हल्के रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक बस सहित फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बड़े पिता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चालक की तलाश में जुट गई।
मालूम हो कि कासिमाबाद थाना क्षेत्र के जीयनपुर गांव निवासी शैलेंद्र कुमार (32) अपने ससुराल भांवरकोल थाना क्षेत्र के शेरपुर से किसी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए बाइक से गया था। बुधवार को अपने बड़े पिता चंद्रिका राम (60) और बालक विकास कुमार (6) के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान दोपहर में गाजीपुर-हाजीपुर राष्ट्रीय राज मार्ग-31 स्थित सूरतापुर गांव के बस प्राइवेट बस ने बाइक में टक्कर मार दिया, जिससे बाइक सवार तीनों लोग गिर पड़े। गंभीर रूप से घायल होने से शैलेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वृद्ध और बालक को हल्की चोटे आई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। घायलों की मरहम-पट्टी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद में कराया। इस संबंध में कोतवाल अवशेष सिंह ने बताया कि लिखा-पढ़ी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक के बड़े पिता की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरु कर दी गई है।