Ghazipur News: गाजीपर जिले के दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन पर एक युवक के पिटाई का वीडियो वायरल हो रहा है। इंटरसिटी एक्सप्रेस में सीट को लेकर खिलाड़ियों के दो गुट में विवाद हुआ था। जिसके बाद प्रेटफार्म पर ट्रेन रुकते ही युवक को उतारकर पीटा गया।
वाराणसी से गोरखपुर जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस में सीट के विवाद को लेकर बृहस्पतिवार देर रात खिलाड़ियों के दो गुटों में मारपीट हो गई। गाजीपुर जिले के दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकते ही एक युवक को नीचे उतारकर प्लेटफॉर्म पर पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करता है। मामले की जांच में रेलवे पुलिस जुट गई है।
विज्ञापन
क्या है मामला
आरपीएफ मऊ के थानाध्यक्ष एके सिंह के अनुसार, दोनों पक्ष क्रिकेट खिलाड़ी बताए जा रहे हैं, जो गोरखपुर की ओर जा रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सारनाथ स्टेशन पार करने के बाद सीट को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में विवाद में बदल गई।
आरोप है कि एक पक्ष ने मोबाइल से अपने अन्य साथियों को बुला लिया। रात करीब 11:37 बजे ट्रेन के दुल्लहपुर स्टेशन पहुंचते ही एक गुट के युवक दूसरे पक्ष के एक खिलाड़ी को बोगी से नीचे खींच लाए। प्लेटफॉर्म पर कई युवकों ने उसे पीटा। घायल युवक को उसके साथियों ने किसी तरह बचाकर दोबारा ट्रेन में बैठाया और गोरखपुर ले गए, जहां उसका उपचार कराया गया।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि मारपीट का वीडियो ट्रेन की बोगी में सवार किसी यात्री ने बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। आरपीएफ थानाध्यक्ष ने बताया कि अब तक किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।