गाजीपुर के सादात थाना क्षेत्र के स्थानीय रेलवे स्टेशन पर गुरुवार की शाम जखनिया जाने के लिए बैठकर ट्रेन का इंतजार कर रहे युवक की अचानक गिरकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लोग लू लगने से मौत होने की संभावना जता रहे हैं।
रेलवे स्टेशन पर बैठकर एक युवक ट्रेन का इंतजार कर रहा था। अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। यात्रियों की सूचना पर स्टेशन मास्टर ने घटना की जानकारी औड़िहार जीआरपी को दी। इसी दौरान पहुंचे सादात डाककर्मी ने मृतक की शिनाख्त जौनपुर जनपद के मड़ही पतरही निवासी साबिर अंसारी (45) के रुप में की।
उन्होंने बताया कि मृतक की पत्नी और पुत्री सादात नगर के वार्ड नंबर दस में ही किराए के मकान में रहते हैं, जो इन दिनों मुड़ियारी जखनिया स्थित रिश्तेदारी के यहां गए हुए थे। मृतक भी मुड़ियारी जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहा था कि अचानक बेहोश होकर गिरा और मौत हो गई। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी पहुंच गए और शव देख दहाड़े मारकर रोने लगे। इधर पहुंची औड़िहार जीआरपी टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।