गाजीपुर। 11 अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को है। नेहरू स्टेडियम में इस बार विशेष आयोजन होगा। शासन की ओर से भव्य योग कार्यक्रम और शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इसके पहले योग सप्ताह का आयोजन 15 से 21 जून तक थीम एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग की बैठक की जाएगी। जिला मुख्यालय के साथ तहसील, विकास खंड और ग्राम पंचायत स्तर पर लोगों को योग के प्रति जागरूक करने के लिए योग शिविरों के आयोजन किए जाएंगे। सभी विभागों के कर्मचारी और अधिकारी शामिल होंगे।
मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में जिला संचालन समिति की बैठक हुई, जिसमें तैयारियों की समीक्षा की गई।
सीडीओ ने बताया कि योग दिवस के अवसर पर व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जनपद के मुख्य चौराहो पर होर्डिंग बैनर आदि लगाए जाएंगे।
15 जून को योग दिवस का उद्घाटन जिला स्तर के अलावा तहसील, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में होगा। इसमें सामूहिक योग कार्यक्रम किए जाएंगे। सभी सीएचसी, पीएचसी, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, आयुष हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, एकीकृत आयुष चिकित्सालय एवं अन्य आयुष चिकित्सालयों को भी इस कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा।
योगाभ्यास के लिए जिले के प्राचीन सांस्कृतिक पर्यटन स्थल, ऐतिहासिक महत्व के स्थान, प्रमुख नदियों, झीलों, तालाबों, अमृत सरोवरों के किनारे एवं प्रमुख नैसर्गिक सौंदर्य से पूर्ण स्थलों को, पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शामिल किया जाएगा।