नगर कोतवाली के अतरौली एआरटीओ ऑफिस से पहले सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल एक मजदूर बीते पांच अगस्त को मिला। आस-पास के लोगों ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां छह अगस्त की देर शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर मृतक के भांजे ने मारपीटकर मौत के घाट उतारने का आरोप लगाते हुए दो नामजद एवं एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। फिलहाल पुलिस एक नामजद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मृतक के भांजे मुगलानीचक निवासी कमलेश बिंद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि नंदगंज थाना के श्रीगंज निवासी मामा नन्हूक बिंद (45) करीब आठ वर्ष से रहकर मजदूरी का कार्य करते थे। बीते चार अगस्त की देर शाम सात बजे नामजद आरोपी सरैया निवासी धर्मेंद्र यादव अपने दो साथियों के साथ मामा को बाइक पर बैठाकर लेते गया। देर रात तक जब वह घर वापस नहीं आए तो उनकी तलाश की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। बीते पांच अगस्त की सुबह आठ बजे अतरौली स्थित एआरटीओ आफिस से 100 मीटर पहले गंभीर रूप से घायल और अचेत अवस्था में मिले। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां बीते छह अगस्त की देर शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। इधर सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में कोतवाल विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्जकर नामजद आरोपी धर्मेंद्र यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफश कर दिया जाएगा।