स्कूल चलो अभियान के तहत जिले के परिषदीय विद्यालयों में 62 हजार से अधिक बच्चों के नामांकन का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसकी तुलना में शत-प्रतिशत से अधिक नामांकन कर गाजीपुर ने प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त कर लिया है। प्रेरणा पोर्टल पर शिक्षकों की ओर से नवीन नामांकित 69701 बच्चों का विवरण अपलोड किया जा चुका है।
शासन की ओर से स्कूल चलो अभियान के तहत जिले को 62389 बच्चों के नामांकन का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसको लेकर जिला बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से नामांकन मेला एवं प्रवेश उत्सव जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। इस दौरान अभिभावकों को अपने बच्चों का दाखिला परिषदीय विद्यालयों में कराने के लिए प्रेरित किया गया था। विगत सत्र में दो लाख 89 हजार 900 बच्चे नामांकित थे। इसके सापेक्ष शैक्षिक सत्र 2022-23 में कुल नामांकन का लक्ष्य तीन लाख 52 हजार 289 निर्धारित किया गया था। इस तरह से जिले को 62389 नवीन बच्चों के नामांकन का लक्ष्य दिया गया था। इसकी तुलना में 30 अप्रैल तक जिले में शत-प्रतिशत यानी 62671 बच्चों का नामांकन कराया गया था। प्रेरणा पोर्टल पर शिक्षकों की तरफ से अब तक 69701 बच्चों का विवरण अपलोड किया जा चुका है। अभी कुछ शिक्षकों की ओर से बच्चों का विवरण अपलोड किया जा रहा है। ऐसे में नवीन नामांकित बच्चों की संख्या में कुछ और इजाफा होने की उम्मीद है। जिले में सबसे अधिक नवीन नामांकन सैदपुर 5300, सादात 5154, देवकली 5060, मनिहारी 5044 तथा मुहम्मदाबाद में 5005 नामांकन हुए। जबकि कम नामांकन वाले ब्लाकों में भदौरा में 3013, भांवरकोल 3170, सदर 3433 एवं जखनिया में नवीन नामांकित बच्चों की संख्या 3481 है।
शत-प्रतिशत से अधिक नामांकन कर गाजीपुर ने प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त कर लिया है। अभी भी नवीन प्रवेशी में कुछ छात्रों के आधार नहीं बने हैं। सभी खंड शिक्षाधिकारियों को प्राथमिकता के साथ इन बच्चों के आधार बनवाने के निर्देश दिए गए हैं।
- हेमंत राव, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी