देवकली। मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक अवध किशोर सिंह ने स्थानीय एक डिग्री कालेज में बैठक कर कार्यों की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ब्लॉक एवं जिले को प्रेरक बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित होकर कार्य करना होगा। समय-समय पर बैठक कर कमजोर कड़ी को चिह्नित करें तथा समन्वित प्रयास सहयोग से मजबूत बनाएं।
उन्होंने ब्लॉक में प्रेरणा तालिका, शिक्षा का स्तर, ऑपरेशन कायाकल्प, स्कूल रेडिनेस आदि बिंदुओं पर जानकारी ली। ऑपरेशन कायाकल्प में समय से कार्यों को पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उप शिक्षा निदेशक सोमारू प्रधान ने कहा कि शिक्षक अपने दायित्व का जिम्मेदारी पूर्ण निर्वहन करें। बच्चों का आंकलन कर उपचारात्मक शिक्षण मॉड्यूल आधारित शिक्षण करें तभी हम विद्यालय और ब्लाक को प्रेरक बना सकते हैं। खंड शिक्षा अधिकारी सुनील सिंह ने कहा कि लगातार समीक्षा बैठक कर विद्यालयवार जानकारी ली जा रही है। बैठक के बाद ब्लॉक स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक, संकुल सदस्य तथा प्रधानाध्यापकों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी उमेशचंद्र, डायट प्रवक्ता हरिओम प्रताप यादव, एसआरजी प्रीति सिंह, एआरपी अशोक यादव, चंदन सिंह, संतोष यादव, महेंद्र प्रताप सिंह, राधेश्याम सिंह, रणजीत कुमार आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन दिवाकर सिंह ने किया।