सड़क हादसे में मृत भगीरथपुर निवासी ट्रक चालक गोवर्द्धन यादव के रोते बिलखते परिजन। संवाद
- फोटो : GHAZIPUR
थाना क्षेत्र के भगीरथपुर गांव निवासी ट्रक चालक गोवर्धन और खलासी पारस की मिर्जापुर के लालगंज थाना क्षेत्र के ड्रमंडगंज के पास शनिवार की देर रात दो ट्रकों की भिड़ंत में मौत हो गई थी। घटना की जानकारी होते ही रविवार को दोनों परिवारों में मातम छा गया। दोनों परिवार के लोग के लोग रोने-बिलखने लगे। गांव के लोग दोनों परिवारों के लोगों को सांत्वना देते रहे। इस घटना से गांव में मातम छा गया है।
भगीरथपुर गांव निवासी ट्रक चालक गोवर्द्धन यादव (25) के परिजनों ने बताया कि वह देवरिया गांव स्थित एक व्यक्ति का लंबे समय से ट्रक चला रहे थे। शुक्रवार की सुबह बालू लाने के लिए गांव के ही खलासी पारस यादव (50) को लेकर गोवर्धन निकल पड़े थे। ट्रक चालक गोवर्धन तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और ट्रक चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। घटना के बाद पिता बेचन यादव, मां महराजी देवी और पत्नी आरती रो-रो कर बेहोश हो जा रही थी। गोवर्धन की अभी डेढ़ वर्ष पूर्व ही सुहवल थाना क्षेत्र के सुजानपुर में शादी हुई थी। इधर मृत ट्रक खलासी पारस यादव के परिजनों ने बताया कि वह अपने पारस माता-पिता के इकलौते संतान थे। उनके पांच पुत्र और दो पुत्रियां हैं। पिता धर्मराज और मां तेतरी देवी की रो-रो कर हालत खराब हैै। मृतक के परिजनों के मुताबिक दोनों का शव रविवार की देर रात तक आने की उम्मीद है। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों मृतकों के दरवाजे पर ग्रामीणों एवं रिश्तेदारों की भीड़ जुट गई। लोग दोनों परिवारों के लोगों को सांत्वना देकर उन्हें शांत कराने में लगे रहे।