गाजीपुर। यातायात नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाने के लिए रविवार की देर शाम बिरनो टोल प्लाजा पर पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान 156 वाहनों का चालान करते हुए करीब 3.20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, नशे की हालत में वाहन चलाते मिले एक चालक के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. राकेश कुमार मिश्र ने बताया कि अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक गाजीपुर डॉ. ईरज राजा के पर्यवेक्षण में अभियान चलाया गया। अभियान में एआरटीओ, क्षेत्राधिकारी यातायात, यातायात निरीक्षक बालेंद्र कुमार और बिरनो थाना पुलिस समेत कुल आठ टीमों को लगाया गया था।
उन्होंने बताया कि चेकिंग के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाते मिले एक चालक को पकड़कर उसके खिलाफ कार्रवाई की गई। प्रेशर हॉर्न का प्रयोग करने वाले 12 वाहनों तथा हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले दो वाहनों का भी चालान किया गया। इसके अलावा मोडिफाइड साइलेंसर, यातायात नियमों के अन्य उल्लंघनों और दस्तावेजों की भी जांच की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।