गाजीपुर। मुहम्मदाबाद ब्लॉक के बरतर गांव में 52वीं सीनियर महिला कबड्डी स्टेट चैंपियनशिप सुपर लीग के 12 मुकाबले मंगलवार को खेले गए। इसमें वाराणसी ने 40-23 से शामली को हरा कर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।
इसी तरह मेरठ, गाजीपुर, उत्तर प्रदेश पुलिस, मथुरा, मऊ, मुजफ्फरनगर, और आजमगढ़ की टीमें भी अपने मुकाबले जीतकर क्वार्टर फाइनल में पहुंच गईं। बांग्लादेश में हुए विश्वकप में भारतीय टीम की प्रतिनिधित्व कर चुकीं अन्नू ने उत्तर प्रदेश पुलिस की तरफ से शानदार प्रदर्शन किया।
जिला कबड्डी एसोसिएशन अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह यादव ने बताया कि दूसरे दिन का पहला लीग मुकाबला गाजीपुर और मेरठ के बीच खेला गया, जिसमें मेरठ 45-42 ने गाजीपुर को हराया। दूसरा मुकाबला में उत्तर प्रदेश पुलिस और मथुरा के बीच खेला गया। इसमें उत्तर प्रदेश पुलिस ने 41-27 जीत दर्ज की। तीसरा मुकाबला मुजफ्फरनगर और गौतम बुुद्ध नगर के बीच खेला गया।
एकतरफा मुकाबले में मुजफ्फरनगर ने 40-12 से जीत दर्ज की। चौथा मुकाबला आजमगढ़ और शामली के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में आजमगढ़ 41 ने शामली की टीम पर तीन अंकों से जीत दर्ज की। पांचवा मुकाबला मुजफ्फरनगर और मिर्जापुर की टीमों के बीच खेला गया।
इसमें मुजफ्फरनगर 37-22 से मिर्जापुर को हरा दिया। छठा मुकाबला वाराणसी और शामली के बीच खेला गया। इस मुकाबले में वाराणसी ने 40-23 के अंतर से शामली पर आसान जीत दर्ज की। सातवां मुकाबला उत्तर प्रदेश पुलिस और जौनपुर के बीच खेला गया। इसमें उत्तर प्रदेश पुलिस ने 29-12 से जौनपुर को हराया।
आठवां मुकाबला आजमगढ़ और गौतम बुद्ध नगर के बीच खेला गया। इसमें आजमगढ़ 35 ने गौतम बुद्ध नगर को चार अंकों से हराया। नौवां मुकाबला अलीगढ़ और मेरठ की टीमों के बीच खेला गया। इस रोमांचक मुुकाबले में मेरठ 48 ने अलीगढ़ को दो अंकों से हरा दिया। दसवां मुकाबला मथुरा और गोरखपुर की टीमोें के बीच खेला गया। एकतरफा मुकाबले में मथुरा ने 35-8 से जीत दर्ज की। ग्यारहवां मुकाबला मुजफ्फरनगर और मऊ की टीमों के बीच खेला गया। इसमें मुजफ्फरनगर ने 21-11 से जीत दर्ज की।
बारहवां और अंतिम लीग मुकाबला वाराणसी और आजमगढ़ के बीच हुआ। इसमें आजमगढ़ ने 42-26 से वाराणसी को हरा दिया। प्रतियोगिता में राष्ट्रीय खिलाड़ी अर्चना यादव, शिवानी, प्रिया, स्नेहा, निवेदिता पटेल, अर्चना शर्मा, नक्षा नित्यानंद, सोनिका नागर, राशि श्रीवास्तव ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
इस मौके पर उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन के पर्यवेक्षक के रूप में दशरथ पाल, सुरेश सिंह, रामपाल, जिला कबड्डी एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष हनुमान सिंह यादव, मन्नू सिंह आदि मौजूद रहे।