सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के भितरी पुल से सोमवार को एक अज्ञात युवक ने गांगी नदी में छलांग लगा दी। फिलहाल पुलिस गोताखोरों, नाविकों और जाल के माध्यम से तलाश में जुटी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली है।
सुबह 10 बजे राहगीरों का आवागमन हो रहा था। इसी दौरान मुड़ियार के तरफ एक युवक आया और कुछ देर तक पुल के रेलिंग के पास खड़ा रहा। जब पुल पर आवागमन करने वालों की संख्या कम हुई। इसी दौरान इधर-उधर देखने के बाद गांगी नदी में छलांग लगा दी। राहगीरों के शोर मचाने पर पुल से लेकर नदी के किनारे ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद नाव एवं जाल डालकर युवक की खोजबीन में जुट गई। काफी प्रयास के बाद भी कोई सफलता नहीं मिली। युवक कहां का रहने वाला था और कौन था। इसको लेकर ग्रामीणों चर्चा बनी रही। इस संबंध में कोतवाल राजीव सिंह ने बताया कि युवक कहां का रहने वाला है और कौन है। इसकी छानबीन की जा रही है। साथ ही तलाश भी शुरू कर दी गई है।