संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। नोनहरा थाना पुलिस ने सोमवार रात अटवा मोड़ पक्का पुल मंदिर के पास मुठभेड़ के दौरान दो गो तस्करों परमजीत सिंह, गुरपंत सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में परमजीत सिंह के बाएं पैर में गोली लगी।
उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। आरोपियों के कब्जे से पंजाब नंबर की डीसीएम, 10 गोवंश, तमंचा, खोखा कारतूस और कारतूस बरामद किया गया।
सीओ कासिमाबाद अनुभव राजर्षि ने बताया कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार रात नोनहरा थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे।
इसी दौरान चौकी प्रभारी अटवा मोड़ से सूचना मिली कि संदिग्ध डीसीएम गाजीपुर घाट की ओर से मुहम्मदाबाद होते हुए बिहार की तरफ जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने अटवा मोड़ पक्का पुल मंदिर के पास घेराबंदी कर डीसीएम को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, डीसीएम सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से निशाना साधकर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने संतुलित फायरिंग की। इसमें परमजीत सिंह के बाएं पैर में गोली लगी। उसे तत्काल सदर अस्पताल भेजा गया। वहीं उसके साथी गुरपंत सिंह को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों ने बताया कि वे पंजाब से गोवंश लादकर बिहार ले जा रहे थे। पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
अटवा मोड पक्का पुल के पास गो-तस्कर गुरपंत सिंह को गिरफ्तार कर ले जाती पुलिस। स्रोत- पुलिस विभाग