जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात हुए सड़क हादसे में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी के साथ दो लोगों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर परिजनों के रोने-बिलखने से गांव में मातमी सन्नाटा फैल गया। ग्रामीण परिवार के लोगों को सात्वंना देकर शांत कराने में जुटे रहे।
मरदह संवाददाता के अनुसार मऊ जनपद के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र स्थित सरसेना गांव निवासी सेवानिवृत्त पुलिस कर्मी रामअवतार सिंह (61) मरदह थाना के किसी गांव स्थित रिश्तेदारी में आए थे। वह रात में स्कूटी से मऊ की ओर जा रहा था। हैदरगंज चट्टी के पास पीछे से आ रही मैजिक ने टक्कर मार दी। हादसे में वह असंतुलित होकर सड़क पर गिर गए। सिर में गंभीर चोट लगने पर मऊ स्थित जिला अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर होने पर वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर में लाया गया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रभारी थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद ने बताया कि मैजिक को कब्जे में ले लिया गया। फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है। लठठूडीह संवाददाता के अनुसार करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के शेरमठ गांव के सामने मंगलवार की रात जेसीबी और बाइक की टक्कर में बिहार प्रांत के भोजपुर जनपद के बिहिया थाना के मझौली गांव निवासी रमेश चौबे (26) की मौत हो गई। आसपास के ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ घटना की जानकारी परिजनों को दी। घटना के दूसरे दिन पहुंचे मृतक के भाई विकाश चौबे ने अज्ञात चालक के खिलाफ तहरीर दी। थानाध्यक्ष प्रवीण यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।