दुल्लहपुर थाने के बखरा गांव स्थित दुर्गा मंदिर के पास घने कोहरे में बाइक से जा रहे दो चचेरे भाइयो?
- फोटो : GHAZIPUR
दुल्लहपुर। पासपोर्ट बनवाने के कार्य से सोमवार की सुबह बाइक से वाराणसी स्थिति पासपोर्ट कार्यालय जा रहे सिखड़ी निवासी दो चचेरे भाइयों की बखरा गांव के पास दुर्गा मंदिर के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। दुर्घटना कोहरा के चलते हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलने पर परिजन भी पहुंचे। दो चचेरे भाइयों की मौत से गांव में मातम छाया है।
क्षेत्र के सिखड़ी गांव निवासी धर्मेंद्र यादव (23) अपने चचेरे भाई लालू यादव (22) के साथ बाइक से वाराणसी पासपोर्ट आफिस जा रहा थे। घने कोहरे की वजह से दोनों घर से कुछ दूर बखरा गांव स्थित दुर्गा मंदिर के पास पहुंचे ही थे कि कोहरे के चलते दृश्यता कम होने से पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया। हादसे में दोनों युवक सड़क पर लहूलुहान होकर छटपटाते रहे। जबतक आस-पास के ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचते चालक वाहन लेकर फरार हो गया था। सूचना पर पहुंचे परिजन दोनों घायलों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डाक्टरों ने दोनों की स्थिति गंभीर देख उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया। इधर परिवार के सदस्य उन्हें उपचार के लिए ले जा रहे थे कि धर्मेंद्र यादव की मौत हो गई। उधर लालू यादव की वाराणसी में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में दोनों चचेरे भाइयों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वाराणसी में पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव घर पहुंचते ही महिलाएं एवं घर के सदस्य रोने बिलखने लगे। इस संबंध में थानाध्यक्ष जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। वैसे पुलिस टीम अपने स्तर से छानबीन में जुटी हुई है।