शादियाबाद में डूबे हुए बच्चों की तलाश करते ग्रामीण एवं मौजूद पुलिस। संवाद
- फोटो : GHAZIPUR
शादियाबाद थाना क्षेत्र के मसूदपुर गांव के बाहर मंगलवार की दोपहर 12 बजे नहाते समय दो बालक बेसो नदी में डूब गए। हादसे के बाद ग्रामीणों की भीड़ लग गई। पुलिस ने सैदपुर से गोताखोरों को बुलाकर बच्चों की तलाश में शुरू करा दी है। परिजन नदी के किनारे पहुंचकर बालकों के मिलने की आस में बैठे रहे।
मसूदपुर गांव निवासी दिलशाद (12) और कस्बा कोईरी निवासी समीर (11) नदी से कुछ दूरी पर स्थित मदरसा में पढ़ने गए थे। दोपहर करीब 12 बजे छुट्टी होने के बाद दो अन्य साथियों के साथ दोनों बालक बेसो नदी में नहाने गए थे। दिलशाद और समीर नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान दोनों डूबने लगे। यह देखकर नदी के बाहर बैठे दोनों उसके साथी शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। इधर दोनों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और दोनों बालकों की तलाश में जुट गए। सूचना पर पहुुंची पुलिस टीम स्थानीय लोगों की मदद से बालकों की तलाश में जुटी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस पर सैदपुर से गोताखोरों को बुलाकर पुलिस दोनों डूबे बालकों की तलाश करती रही लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल सकी है। वजह नदी में तेज बहाव होने के कारण गोताखोरों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। थानाध्यक्ष रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि दोनों बालक नहाते समय बेसो नदी में डूब गए हैं। सैदपुर से गोताखोरों को बुलाकर तलाश की जा रही है।