शहर कोतवाली के भुतहियाटांड के पास मंगलवार की दोपहर करीब एक बजे ट्रक से कुचलने से बाइक दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़ कर भाग निकला। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
मुहम्मदाबाद कोतवाली के बासुदेवपुर गांव निवासी अजीत कुमार सिंह (42) और गठिया गांव निवासी राजकुमार (32) एक साथ बाइक से शहर के तरफ आए थे। मंगलवार की दोपहर दोनों भुतहियाटांड के पास पहुंचे थे कि तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में धक्का मार दिया। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। दोनों घायल खुद को संभालते, इससे पहले दोनों ट्रक के पहिये से कुचल गए जिससे दोनों की मौत हो गई। इधर आसपास के लोग जबतक मौके पर पहुंचते चालक ट्रक छोड़कर मौके पर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव को मर्चरी हाउस भेजवा दिया।
इधर, दुर्घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग रोते-बिलखते कोतवाली पहुंचे जहां शवों देखकर बिलखने लगे। वहीं दोनों गांव के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच थे और रोते-बिलखते परिजनों को सांत्वना दे रहे थे। इस संबंध में कोतवाल विमलेश मौर्या ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। चालक की तलाश भी शुरू कर दी गई है।