कोटवा लट्ठूडीह मार्ग पर बसनिया के पास निर्माणाधीन पुल के बगल में बनाए गए डायवर्जन मार्ग पर बने गड्ढे में शनिवार की शाम एक ट्रक फंस गया जिससे आवागमन ठप हो गया है। रविवार को भी ट्रक नहीं हटाया जा सका। इसको लेकर नाराज ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
कोटवा-लट्ठूडीह मार्ग पर स्थित बसनिया के पास लोक निर्माण विभाग खंड तृतीय की ओर से पुल का आधा-अधूरा कर छोड़ दिया गया है। इसकी वजह से आवागमन में दिक्कत हो रही है। शनिवार की शाम निर्माणाधीन पुल के पास डायवर्जन मार्ग के गड्ढे में ट्रक फंसने से आवागमन ठप है। दूसरे दिन रविवार को भी ट्रक फंसा रहा। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि एक साल से इस पुल को खोद कर छोड़ दिया गया है। इसकी वजह से आवागमन में दिक्कत हो रही है। स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग खंड तृतीय के जेई और सहायक अभियंता को फोन किया गया, लेकिन फोन नहीं उठा। दूसरे दिन रविवार को भी मार्ग पर फंसा ट्रक नहीं हट सका। इससे लोगों की परेशानियां बरकरार रहीं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर शीघ्र ट्रक को नहीं हटवाया गया और पुल का निर्माण शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।