गाजीपुर। शहर के महुआबाग स्थित एक हवेली में रंगकर्मी डॉ. शिवमूरत सिंह की द्वितीय पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
इस मौके पर उनके जीवन, व्यक्तित्व और रंगकर्म पर आधारित पुस्तक ‘रंगकर्मी शिवमूरत सिंह की रंगयात्रा’ का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में साहित्य और रंगमंच से जुड़े विद्वानों ने उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें बहुआयामी प्रतिभा का धनी बताया।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. अवधेश प्रधान ने कहा कि डॉ. शिवमूरत सिंह ने न केवल नाटकों का मंचन कराया, बल्कि अपनी अलग दृष्टि से उनका लेखन भी किया। उनके नाटक ‘गांधारी’ में गांधारी के चरित्र को न्यायप्रियता की प्रतिमूर्ति के रूप में प्रस्तुत किया गया है। वह भारतीय नाट्य परंपरा के साथ पाश्चात्य नाट्य सिद्धांतों के भी जानकार थे।
विशिष्ट वक्ता प्रो. राधेश्याम सिंह ने कहा कि साहित्यिक खेमेबाजी के कारण डॉ. शिवमूरत को जीवनकाल में वह ख्याति नहीं मिल सकी, जिसके वह हकदार थे। डॉ. श्रीकांत पांडेय ने बताया कि उन्होंने ‘टोपी शुक्ला’, ‘निर्मला’ और ‘पुरुष पुराण’ जैसी रचनाओं का नाट्य रूपांतरण कर उन्हें नया स्वरूप दिया।
डॉ. संतोष कुमार सिंह ने उन्हें लेखक, अभिनेता, निर्देशक और समीक्षक बताया। माधव कृष्ण ने कहा कि उन्होंने ‘रंगप्रभा’ पत्रिका का संपादन किया और माध्यम नाट्य संस्थान की स्थापना कर कई नाटकों का मंचन कराया।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. संतोष कुमार तिवारी की सरस्वती वंदना से हुई। अमरनाथ तिवारी और आनंद अमित ने उनके पुत्र कमलेश सिंह लाला को सम्मानित किया। आशुतोष सिंह ने उनसे जुड़े संस्मरण साझा किए। अध्यक्षता डॉ. रमाशंकर लाल और डॉ. अशोक कुमार सिंह ने की। इस अवसर पर साहित्य, कला और रंगमंच से जुड़ी कई हस्तियां मौजूद रहीं।