जनपद के विभिन्न रेलवे स्टेशनों से प्रयागराज और वाराणसी जाने वाली ट्रेनें भीड़ से ठसाठस हो गई हैं। ट्रेनों में पैर रखने के लिए भी जगह नहीं है। सीट न मिलने के कारण बड़ी संख्या में लोग खड़े होकर यात्रा करने को विवश हैं। सबसे अधिक परेशानी महिला यात्रियों को हो रही है।
सिटी रेलवे स्टेशन पर सोमवार को भोर में 4.20 प्रयागराज-रामबाग मेमू ट्रेन फुल होकर रवाना हुई। जिन लोगों को कोच के अंदर जाने की जगह नहीं मिली, वे पावदान पर लटके नजर आए। भीड़ के कारण कई यात्रियों की ट्रेन छूट गई।
फिर आठ घंटे के इंतजार के बाद सुबह 10 बजे के सारनाथ एक्सप्रेस आई। यह ट्रेन अक्सर प्लेटफाॅर्म नंबर एक पर आती है। यात्रियों की भीड़ ट्रेन का इंतजार कर रही थी। इसी बीच एनाउंस हुआ कि ट्रेन प्लेटफाॅर्म चार पर आएगी। ट्रेन में सवार होने के लिए यात्रियों में आपाधापी मच गई। कुछ यात्री प्लेटफाॅर्म नंबर 4 पर जाने के लिए फुट ओवरब्रिज या स्वचालित सीढ़ी पर चढ़ने के बजाय रेलवे ट्रैक दौड़कर पार कर प्लेटफाॅर्म पर पहुंचे। सारनाथ एक्सप्रेस के जनरल से लेकर स्लीपर कोच तक यात्रियों से भरे नजर आए।
सारनाथ एक्सप्रेस का सुबह 9:45 बजे सिटी रेलवे स्टेशन पर आने का समय निर्धारित है लेकिन ट्रेन दोपहर 12:40 बजे पहुंची। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे की ओर से कई स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। साथ ही आरपीएफ और जीआरपी व्यवस्था सुधारने में जुटे नजर आए लेकिन भीड़ के कारण हर व्यवस्था नाकाफी नजर आई।
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि यात्रियों की सहूलियत के लिए कई स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।