रायपुर-बाघपुर गांव के पास ट्रेलर के टक्कर से क्षतिग्रस्त स्कूली बस। स्रोत- ग्रामीण
मरदह। थानाक्षेत्र के रायपुर-बाघपुर गांव के पास शुक्रवार को बच्चों को स्कूल से लेकर जा रही निजी बस को सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने धक्का मार दिया। बस चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से बच गया। हादसे में घायल चालक को मऊ स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चालक नन्हकू यादव ने बताया कि वह गेहुड़ी गांव स्थित एक निजी स्कूल का बस चलाता है। रोजाना की तरह स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चों को घर ले जा रहा था। रायपुर-बाघपुर गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बस में जोरदार टक्कर मार दी।
इस दौरान चालक को हल्की चोटें आई। पर, दुर्घटना के समय बस में मौजूद चार बच्चे बच गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने चालक और बच्चों को बस से बाहर निकाला। आसपास के बच्चों को दूसरे वाहनों से घर पहुंचाया। वहीं, दूसरी तरफ ट्रेलर बस में टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे खाई में जाकर लटक गया। थानाध्यक्ष तारावती यादव ने बताया कि मामले को संज्ञान में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।