गाजीपुर। मोहम्मदाबाद तहसील की ग्राम पंचायत शेरपुर में नवनिर्मित ग्राम पंचायत सचिवालय का शुक्रवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ग्राम सचिवालय ग्रामीणों के लिए बड़ी सौगात है, जहां उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिलेगा।
डीएम ने कहा कि ग्राम स्तर पर बेहतर आधारभूत सुविधाओं के विकास से शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव हो सकेगा। उन्होंने अन्य ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों और ग्रामीणों से भी गुणवत्तापूर्ण पंचायत सचिवालय और सार्वजनिक सुविधाओं के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारियों ने सचिवालय भवन में उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। वहीं लोकार्पण के बाद जिलाधिकारी ने उपस्थित बच्चों को अपने हाथों से मिठाई वितरित की। इस अवसर पर ग्राम प्रधान, संबंधित विभागीय अधिकारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।