ददरी मोड के पास हादसे में बेटे हरिश्चंद्र प्रजापति की मौत के बाद रोती बिलखती मां बुद्धा देवी को
- फोटो : credit
क्षेत्र के डगरा मोड़ के पास मंगलवार की शाम पांच बजे नशे में धुत चालक ट्रैक्टर- ट्राॅली लेकर एक घर के बरामदे में घुस गया। हादसे में चाचा- भतीजे की मौत हो गई। दोनों सुबह ही मुंबई से घर आए थे। इसके अलावा हादसे में चार लोग घायल हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी चालक रामप्रवेश राजभर को पकड़कर पिटकर एक कमरे में बंद कर दिया और सिधौना-आजमगढ़ मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण मुआवाजे की मांग करने लगे। सैदपुर एसडीएम के आश्वासन पर तीन घंटे बाद रात आठ बजे ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।
अमेदा ग्राम सभा के डगरा निवासी केवल प्रजापति ने बताया कि रामजीत प्रजापति की पत्नी गुड़िया प्रजापति का निधन पांच दिन पूर्व हो गया था। जानकारी मिलने पर मुंबई से हरिशचंद्र प्रजापति (50), राहुल, रोहित और सोनू आए थे। शाम पांच बजे राहुल के घर के बरामदे के टीन शेड में हरिशचंद्र प्रजापति (50), गोपी प्रजापति (22), सोनू प्रजापति (28), राहुल (30), रोहित ( 27) और हरिशंकर (35) बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर चालक आया और बरामदे में बैठे लोगों को कुचल दिया। हादसे के बाद पुलिस ने घायलों को सैदपुर सीएचसी भेजा, जहां हरिशचंद्र प्रजापति और उनके भतीजे गोपी प्रजापति को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घायलों का उपचार चल रहा है। थानाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ने के साथ पीटकर घर में बंद कर दिया। उसे छुड़कार हिरासत में ले लिया गया है। इधर आक्रोशित ग्रामीणों ने शाम सिधौना-आजगमगढ़ मार्ग जाम कर दिया। समझाने- बुझाने के बाद भी मुआवजे की मांग को लेकर धरने पर अड़े रहे। जानकारी होने पर पहुंचे सैदपुर एसडीएम ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रामेश्वर सुधाकर सबनवाड ने परिजनों और ग्रामीणों को आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। तब जाकर जाम समाप्त हुआ। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।