गाजीपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से बुधवार को जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया गया। इस दौरान दूध, खोवा एवं बटर के पांच नमूने लिए गए।
जिला अभिहित अधिकारी अजीत कुमार मिश्र ने बताया कि मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरपी सिंह के नेतृत्व में कठवामोड़ के पास से एक तथा पारा से दूध के दो नमूने लिए गए। मुहम्मदाबाद में खोवा का एक नमूना लिया गया। इस दौरान खाद्य पदार्थ के विक्रेताओं में हड़कंप मची रही। इसके बाद विभाग की टीम ने कासिमाबाद से बटर का एक नमूना लिया। जांच करने वाली टीम में एसपी यादव, श्रीराम यादव, अवधेश तथा राजीव सिंह शामिल थे।