शहर कोतवाली के गाजीपुर घाट रेलवे स्टेशन पर बुधवार को घरेलू कलह से ऊबकर ट्रेन के सामने कूदकर मां-पुत्री ने आत्महत्या कर ली। जीआरपी ने दोनों शवों को मॉर्च्यूरी में रखवा दिया। दोनों की शिनाख्त जीआरपी ने आधार कार्ड से नोनहरा थाने के चकफरीद गांव निवासी के रूप की।
ग्रामीणों ने बताया कि एक महिला एक किशोरी के साथ गाजीपुर घाट स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन से जाने के लिए स्टेशन पर बैठी थी। ट्रेन के आने के दौरान अचानक रेल ट्रैक पार करने लगी। जब तक यात्री और अन्य लोग कुछ समझ पाते दोनों की कटकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मॉर्च्यूरी भेजवा दिया। जीआरपी ने आधार कार्ड से मृत महिला की पहचान रीता गुप्ता (35) पत्नी रमेश गुप्ता व किशोरी की शिनाख्त पुत्री की रिया गुप्ता (15) निवासी चकफरीद थाना नोनहरा के रूप में की। इधर चकफरीद के ग्रामीणों ने बताया कि मृतका रीता गुप्ता का पति विदेश रहता है। वह कुछ दिन पूर्व घर आया था। वहीं मृतका घर पर ही अंडा और चाऊमीन की दुकान चलाती थी। गत 25 मार्च की रात पति-पत्नी में झगड़ा हुआ था। भोर में पत्नी रीता बेटी रिया को लेकर घर से निकल गई थी। परिवार के लोग दोनों की तलाश कर रहे थे। तभी जीआरपी से दोनों के ट्रेन से कटकर मरने की जानकारी मिली। सूचना पाकर मौके पर परिजन भी पहुंचे। जीआरपी प्रभारी राजकुमार ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।