दिलदारनगर/रेवतीपुर। रेवतीपुर शिक्षा क्षेत्र के तहत अवती गांव में एक ही परिसर में तीन प्राइवेट स्कूलों का संचालन हो रहा था। इसका खुलासा शनिवार को बीईओ अशोक कुमार गौतम की जांच में हुआ। बीईओ ने तीनों स्कूल संचालकों को नोटिस जारी किया है। रेवतीपुर बीईओ अशोक कुमार गौतम ने बताया कि वे अवती गांव में मान्यता प्राप्त ऋषिकेश आदर्श इंटर काॅलेज की जांच के लिए गए थे। अभिलेखों की जांच में पता चला कि एक ही परिसर में तीन विद्यालयों का संचालन किया जा रहा है। इसमें ऋषिकेश आदर्श इंटर कॉलेज, मां शारदा शिक्षा मंदिर व मां शारदा जूनियर हाईस्कूल शामिल है। इनका नाम बकायदे अभिलेखों में दर्ज है। जांच में तीनों विद्यालयों में क्रमश: 796, 43 व 85 विद्यार्थी पंजीकृत पाए गए लेकिन, मौके पर एक भी छात्र नहीं मिला। संचालक द्वारा शिक्षा सत्र 2025/26 में यू- डायस पोर्टल पर गलत सूचना अंकित किया गया। इस पर स्कूल की मान्यता रद्द करने की चेतावनी देते हुए नोटिस जारी कर तीन दिनों में जवाब देने का निर्देश दिया गया। निर्धारित समयावधि में नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो संबंधित तीनों विद्यालयों की मान्यता रद करने की कार्रवाई की जाएगी। उधर, नोटिस जारी होने के बाद से विद्यालय संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
शिक्षा विभाग से 30 किमी की दूरी पर नियम ताक पर-गाजीपुर। अपने कारनामों के कारण शिक्षा विभाग हमेशा सुर्खियों में रहता है। अवती गांव, जहां एक ही परिसर में तीन विद्यालयों का संचालन हो रहा था, वहां से जिला मुख्यालय की दूरी महज 30 किलोमीटर है। इसके बावजूद शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों की नजर इस काले कारनामे पर नहीं पड़ी। इससे शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों की कार्यशैली व नीयत पर सवाल उठता है।