कोतवाली क्षेत्र के जीवपुर गांव में शनिवार की रात अज्ञात कारणों से लगी आग से 15 लोगों की तीन गुमटी के साथ 22 झोपड़ियां जलकर नष्ट हो गई। वहीं नौ बकरियों की झुलसकर मौत हो गई। साथ ही झोपड़ियों में रखा गैस सिलेंडर भी फट गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
अगलगी की घटना में विदेशी यादव की तीन बकरी और पांच झोपड़ी, नंदू शर्मा की गुमटी, उषा देवी की एक झोपड़ी के साथ 50000 नकदी और घर में बेटी की शादी के लिए रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। उषा देवी की पुत्री की 15 मई को शादी थी, जिसमें शादी के लिए सारा सामान एकत्र कर वह झोपड़ी में रखी थी। वहीं दिनेश की एक झोपड़ी, सोनू की एक झोपड़ी,रामविलास बिंद की एक झोपड़ी, शिव कुमार, लक्ष्मण और योगिंदर की चार झोपड़ी और एक गुमटी, मुन्ना यादव की एक झोपड़ी, एक बीघा गेहूं की बोझ, कुमार यादव की छह बकरियां और चार झोपड़ी 12000 नकदी, कांता यादव की एक झोपड़ी, महेंद्र यादव की एक झोपड़ी और मुलायम यादव की गुमटी जलकर नष्ट हो गई। आग लगने की सूचना पर जब-तक फायर ब्रिगेड की टीम पहुंचती, सबकुछ जलकर राख हो गया था। अगलगी की जानकारी मिलते ही जमानिया के तहसीलदार लालजी विश्वकर्मा ने क्षति का आंकलन कर पीड़ितों को जल्द मुआवजे का आश्वासन दिया।