गाजीपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा के नतीजे शनिवार को दिन में घोषित कर दिए गए। इस वर्ष की परीक्षा में हाईस्कूल के 76 प्रतिशत से अधिक एवं इंटर में 56 फीसदी से ज्यादा परीक्षार्थियों को ही कामयाबी मिली। बीते वर्ष की तुलना में इस बार उत्तीर्ण परीक्षार्थियों के प्रतिशत में कमी आई है।
मिली जानकारी के अनुसार पिछले वर्ष की बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल 97185 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें 78154 परीक्षा में बैठे थे जिसमें 82.69 प्रतिशत यानी 64624 उत्तीर्ण हुए थे। इसी तरह इंटरमीडिएट की परीक्षा में 82890 में 69581 ने परीक्षा दी थी। उस दौरान 69.46 प्रतिशत यानी 48331 को सफलता मिली थी। बीते वर्ष 289 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इस बार की परीक्षा फरवरी माह में आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में जिले में हाईस्कूल में 92148 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 77383 ने परीक्षा दी जिसमें 76.56 प्रतिशत यानी 59243 को सफलता मिली। इसी तरह इंटरमीडिएट में पंजीकृत 84678 में 73499 परीक्षा में सम्मिलित हुए जिसमें 56.43 फीसदी यानी 41472 उत्तीर्ण हुए। इस बार 228 केंद्रों पर परीक्षा कराई गई थी। 2019 की तुलना में इस बार हाईस्कूल और इंटर दोनों कक्षाओं की परीक्षा में छात्र-छात्राओं के उत्तीर्ण होने का प्रतिशत कम रहा है।