करंडा। थाना क्षेत्र के जमुआंव गांव में दोस्तों के बीच हुई कहासुनी में तीन दिन पूर्व चली गोली से घायल युवक की वाराणसी में रविवार की देर शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रोने-बिलखने की आवाज सुनकर दरवाजे पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। इधर पुलिस अब तक नामजद आरोपी को गिरफ्तार भी नहीं कर सकी है। एहतियातन गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।
बीते 13 मई की देर रात गांव निवासी संजय दुबे (28) अपने मित्रों के साथ गांव के बाहर खाना खा रहा था। इसी दौरान एक मित्र से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। नशे में धुत आरोपी ने तमंचे से फायर झोंक दिया था। गोली युवक के सीने को ऊपर से चीरती हुई निकल गई थी। इधर वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाई थी जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया था। युवक का उपचार वाराणसी में चल रहा था। देर शाम उसकी हालत गंभीर हो गई और इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन रोने-बिलखने लगे।
इधर पुलिस भी मृतक के घर पर पहुंच गई और गांव में एहतियातन फोर्स तैनात कर दी गई। मृतक के बड़े भाई पंकज दुबे ने आरोपी धीरज सिंह के खिलाफ तहरीर देकर नामजद मुकदमा दर्ज कराया था, लेकिन हत्यारोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अजय कुमार पांडेय ने बताया कि इलाज के दौरान वाराणसी में युवक की मौत हो गई। जल्द ही हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।