शहर के लंका के पास भीगकर जाती छात्राएं।
गुरुवार की दोपहर बाद झमाझम और धीमी रफ्तार में घंटों हुई बारिश से लोगों के चेहरे खिल उठे। मौसम पूरी तरह से ठंडा हो गया और गर्मी से भरपूर राहत मिली। बारिश की वजह से आम जन की रफ्तार बारिश थमने तक जहां-तहां रुकी रही। बारिश से खेतों में पानी भरने से किसान खुश हो गए और धान की रोपाई के लिए खेतों की तरफ रुख कर लिया।
आज हुई बारिश से लोगों को आगे भी अच्छी बारिश की उम्मीद जगी है। एक माह से तेज धूप के बीच जबरदस्त गर्मी का प्रभाव बना हुआ था। लगातार दो सप्ताह से धूप-छांव का खेल तो चल रहा था लेकिन बारिश नहीं हो रही थी। इसी क्रम में बीते शनिवार की शाम कई ग्रामीण क्षेत्रों में तेज और शहर में धीमी बारिश हुई।
इसके बाद बारिश का जो क्रम शुरू हुआ, वह रुक-रुककर रविवार, सोमवार और मंगलवार को जारी रहा। बुधवार को पूरे दिन बदली छाई रही, लेकिन बारिश नहीं हुई। गुरुवार को भी सुबह से ही बदली छाई रही। इसी बीच दिन में करीब 12 बजे झमाझम बारिश शुरू हो गई। इससे बचने के लिए मार्गों पर आवागमन कर रहे लोग जहां-तहां सुरक्षित स्थानों पर ठहर गए।
जिनके पास बारिश से बचाव का साधन था, वह आवागमन करते रहे। छुट्टी होने के बाद कई छात्र-छात्राएं भीगते हुए घरों को पहुंचे। दूकानों के टिनशेडों, मकानों के बारजे के नीचे खड़े लोग बारिश बंद होने के बाद आगे के लिए रवाना हुए।