500 और 1000 के नोट पर प्रतिबंध का असर लगातार तीसरे दिन रविवार को भी शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न बैंकों में दिखा। बैंक अवकाश के दिन भी खुले रहे इस दौरान 500 और 1000 का नोट जमा करने के लिए ग्राहकों की भीड़ रही।
पैसा जमा करने के लिए लोगों को घंटों लाइन में खड़ा होकर इंतजार करना पड़ा। 500 और 1000 का नोट बदलने और उसे जमा करने के लिए शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के बैंकों के खुलने से पहले ही ग्राहकों की भीड़ जमा हो गई। मिश्रबाजार स्थित भारतीय स्टेट बैंक में रविवार को बैंक में पैसा जमा करने और नोट बदलने की व्यवस्था बैंक के बाहर परिसर में की गई। परिसर में महिला और पुरुषों की अलग-अलग लंबी लाइन लगी रही। गहमर संवाददाता के अनुसार 500 और1000 रुपए के नोट को जमा करने और बदलने के लिए बैंक में ग्राहकों की भीड़ रही। इसी तरह की स्थिति ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न बैंकों में रही। सुहवल संवादताता के अनुसार क्षेत्र के सुहवल स्थित बैंक आफ इडिंया, रेवतीपुर स्थित स्टेट बैंक आफ इंडिया, ग्रामीण बैंकों सहित पोस्ट ऑफिस में लोगों की लंबी कतार लगी रही।