गहमर थानाक्षेत्र के स्थानीय गांव स्थित नरवा गंगा घाट पर दाह संस्कार के लिए गए लोगों के ऊपर घाट पर बना गुंबद का पत्थर टूटकर गिर गया। इसकी वजह से दाह संस्कार में शामिल कुछ लोगों को गंभीर चोटें आईं। आनन-फानन घायलों को निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।
सेवराई तहसील क्षेत्र के सायर गांव निवासी एक व्यक्ति के निधन के बाद परिजन व ग्रामीण मृतक के दाह संस्कार के लिए गहमर गांव के नरवा गंगा घाट पर पहुंचे। इस दौरान कुछ लोग घाट पर बने गुंबद के नीचे बैठकर इंतजार कर रहे थे, कि इसी बीच गुंबद के ऊपर में लगा एक पत्थर टूट कर नीचे बैठे लोगों पर जा गिरा। इससे सायर गांव निवासी मोती चौधरी और लक्ष्मण कुशवाहा के सिर में गंभीर चोट आने से लहूलुहान होकर वहीं गिर गए। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम ले जाया गया। जहां दोनों का इलाज चल रहा है।