मरदह। अयोध्या के राम मंदिर निर्माण कार्य में इस्तेमाल के लिए क्षेत्र के पौराणिक महत्व रखने वाले धार्मिक सिद्धपीठ महाहर धाम की मिट्टी लेकर विश्व हिंदू परिषद का एक दल बुधवार को रवाना हुआ। परिषद के जिलाध्यक्ष प्रदीप कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पहुंची टीम को महाहर धाम शिव मंदिर समिति के अध्यक्ष जितेंद्र नाथ पांडेय ने घड़े में मिट्टी सुपुर्द की।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि काशी क्षेत्र के 22 जनपदों के धार्मिक तीर्थ स्थल से मिट्टी को लेकर प्रयागराज में इकठ्ठा किया जाएगा। वहां से फिर सभी को लेकर चार अगस्त को अयोध्या लोग पहुंच जाएंगे। उधर महाहर धाम के शशि पांडेय ने कहा कि यह इस क्षेत्र का सौभाग्य है कि यहां की मिट्टी किसी चंदन से कम नहीं। इस कार्य से पूरे क्षेत्र के लोग अपने आप को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यहां की पावन भूमि कि मिट्टी को अयोध्या के राम मंदिर निर्माण में लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शास्त्रों में वर्णित ‘शुभस्य शीघ्रं’ को ही मूल मंत्र मान कर मंदिर निर्माण का सबको स्वागत करना होगा। कहा गया है कि शुभ कार्य जितना जल्दी हो सके उसे संपन्न कर देना चाहिए। भगवान श्रीराम के मंदिर भव्य मंदिर का निर्माण शुरू कर पूरे हिंदू समाज को गौरवान्वित करने का कार्य किया जा रहा है। समूचा विश्व इस महान कार्य को होते हुए देखने तथा साक्षी बनने को आतुर है। इस मौके पर कोषाध्यक्ष रामबचन सिंह, सचिव विरेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, शशिप्रकाश सिंह, प्रवीण पटवा, जयप्रकाश पाण्डेय,श्रीकांत सिंह, बृजेश सिंह, शिवलाल यादव, शिवराम सिंह, निर्भय नरायण सिंह, सचिन्द्र सिंह,गुलाब दास,उप निरीक्षक नागेश्वर तिवारी, मौजनाथ गिरी,ग्राम प्रधान वशिष्ठ शर्मा आदि मौजूद रहे।