मृतक शिवपाल की फाइल फोटो। स्रोत- परिजन
दुल्लहपुर। ओडराई ग्रामसभा में बीते 28 अक्तूबर को विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला अभी सुलझा भी नहीं था कि अब उसके पति की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। पत्नी अम्बाली यादव की मौत के बाद पति शिवपाल यादव तनाव में थे।
मंगलवार की शाम को अचानक उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर कई अस्पतालों में पहुंचे, लेकिन देर रात करीब 9:30 बजे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उसकी मौत हो गई। मृतक शिवपाल के छोटे भाई शिवराज यादव ने आरोप लगाया है कि भाभी की मौत के बाद से ही मायके पक्ष की ओर से शिवपाल और उनके बड़े भाई सुनील यादव को लगातार फंसाने की धमकी दी जा रही थी। इससे शिवपाल काफी तनाव में था। शिवराज यादव के मुताबिक, अम्बाली यादव का मायका मऊ जिले के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के नसरुद्दीनपुर गांव में था।
उनके पिता चंद्रदेव यादव ने दुल्लहपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके दामाद शिवपाल यादव ने बेटी को जहर खिलाकर मार दिया। तबीयत बिगड़ने पर अम्बाली को उपचार के लिए बीएचयू में भर्ती कराया गया था, जहां 28 तारीख को उनकी मौत हो गई। अगले दिन 29 तारीख को शव का पोस्टमार्टम कराया गया था।