सड़क की मरम्मत के लिए विधायक ने दिया धरना
उपजिलाधिकारी ने पंद्रह दिन के अंदर सड़क दुरुस्त करने का दिया आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
जंगीपुर। जंगीपुर-आरीपुर-मानपुर मार्ग की मरम्मत कराने की मांग को लेकर स्थानीय विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव ने मंगलवार को जयंतिदासपुर गांव के सामने सड़क पर धरना दिया। सूचना पर पहुंचे उपजिलाधिकारी सदर अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने पंद्रह दिन के अंदर मार्ग को गड्ढा मुक्त कराने का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया। विधायक ने चेताया कि अगर निर्धारित समय में सड़क दुरुस्त नहीं हुई तो वे धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।
विधायक ने कहा कि जनसमस्याओं को सदन में उठाते रहे हैं। बार-बार अवगत कराने के बाद भी जिला प्रशासन ने सड़क को दुरुस्त नहीं कराया। कहा कि जब तक जिलाधिकारी ठोस कदम नहीं उठाते हैं यहां धरना चलता रहेगा। कहा कि जब सपा की सरकार बनेगी तो पूरे विधानसभा क्षेत्र की सड़कें न सिर्फ गड्ढामुक्त कराई जाएंगी बल्कि चौड़ी भी की जाएंगी ताकि आवागमन बेहतर हो सके। आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार सौतेला व्यवहार कर रही है। सपा जिलाध्यक्ष रामधारी यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में कोई सुरक्षित नहीं है। किसान, नौजवान और छात्र सभी परेशान हैं। सपा संघर्ष के बल पर मुकाम हासिल करेगी। दूसरी तरफ सदर एसडीएम अनिरुद्ध प्रताप सिंह और सीओ सिटी ओजस्वी चावला धरना स्थल पर पहुंचे। एसडीएम ने 15 दिन के अंदर सड़क दुरुस्त करने का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष कन्हैयालाल विश्वकर्मा, पूर्व विधायक विजय कुमार, रामबचन यादव, निर्मल यादव, दिनेश यादव, लालजी गुप्ता, सुभाष यादव, रविंद्र प्रताप यादव, आलोक कुमार, कमलेश यादव, रामदरश यादव मौजूद रहे। संचालन विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने किया।