गाजीपुर। मरदह थाना क्षेत्र के लहुरापुर गांव के ग्राम प्रधान पति की हत्या के मुख्य साजिशकर्ता को पुलिस टीम ने शनिवार को उसके घर से धर-दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उधार का पैसा ब्याज समेत नहीं वापस करने पर खेत में लगी धान की फसल कटवाने की धमकी पर साजिश कर हत्या करा दी। पूछताछ के बाद आरोपी का चालान कर दिया गया।
थानाध्यक्ष कमलेश पाल ने बताया कि आरोपी लहुरापुर निवासी धनंजय सिंह उर्फ पप्पू ने ग्राम प्रधान पति संतोष कुमार की हत्या की साजिश रची थी। आरोपी धनंजय सिंह ने पूछताछ में बताया कि वर्ष 2017 में वह ग्राम प्रधान पति से 50 हजार रुपये सुद पर पांच प्रतिशत के ब्याज दर से उधार लिया था। धनराशि ब्याज सहित डेढ़ लाख रुपये हो गई थी। मृतक ग्राम प्रधानपति संतोष कुमार द्वारा बार-बार आरोपी धनंजय सिंह से पैसा मांगा जा रहा था, लेकिन उसके द्वारा हीला हवाली किया जा रहा था। मृतक द्वारा पैसा न देने पर आरोपी के खेत में लगी धान की फसल कटवाने की धमकी दी गई थी। इसे नाराज आरोपी ने साजिश करके ग्राम प्रधान पति की हत्या करा दी।