गाजीपुर नगर में इन दिनों एक लंगूर चर्चा का विषय बना है। यह किसी भी दुकान या मकान में बेधड़क घुस जा रहा है। किसी को हानि नहीं पहुंचा रहा बल्कि कुछ खाने पीने की चीजे लेकर भाग जा रहा है। बुधवार को भी यह एक फोटो की दुकान में जा घुसा। घिघिया गए दुकानदार को कुछ नहीं सूझा तो वह लंगूर को हनुमान जी की फोटो दिखाकर बचने की जुगत में लगा रहा।
विकास खंड तिराहे के पास दोपहर डेढ़ बजे अचानक एक लंगूर सड़क पर आ गया। उसे देख अफरा-तफरी मच गई। लंगूर कभी पान की दुकान के पास रखे पानी के गैलेन के पास जाता तो कभी दूसरे दुकान में घुस जाता। तमाशबीन लंगूर को देखते रहे। ऐसे में सड़क पर जाम लग गया।
इस बीच लंगूर एक फोटो कि दुकान में घुस गया। जहां अचानक लंगूर को देख हड़बड़ा गया। कुछ नहीं सूझा तो वह लंगूर को दुकान में रखी हनुमान जी की फोटो दिखा कर वापस जाने की गुहार करने लगा। हालांकि लंगूर ने किसी को क्षति नहीं पहुंचाई। आधे घंटे बाद वह एक ठेले से कुछ फल लेकर पेड़ पर चढ़ गया। तब जाकर दुकानदारों ने राहत की सांस ली और आवागमन सामान्य हुआ।