गाजीपुर। जिले में रविवार की रात झूम कर मेघ बरसे। इससे लोगों को उमस से राहत मिल गई लेकिन कई इलाकों में भारी जलभराव और सड़क पर नालियों का मलबा फैल गया। बारिश के कारण बिजली गिरने की आशंकाओं के बीच सदर तहसील क्षेत्र रात नाै बजे तक रेड जोन में चला गया।
आपदा विभाग ने रात करीब साढ़े आठ बजे अलर्ट जारी कर तहसील सदर में बिजली गिरने की आशंका जाहिर की। लोगों से सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की गई। कुछ स्थानों पर तेज गरज के बीच बिजली भी गिरी।
उधर बारिश के कारण कीचड़ से शहर और उससे सटे इलाकों की स्थिति नारकीय हो गई। खाली पड़े प्लाट भी पानी से भर गए। नालियां चोक होने से मलबा सड़क तक फैल गया। चंदन नगर इलाके में सबसे अधिक परेशानी रही।
दिन में तेज धूप होने के कारण उमस बढ़ गई थी। रात में चिपचिपाती गर्मी से लोग सो नहीं पा रहे थे। लेकिन, रात साढ़े सात बजे से मौसम ने करवट ले ली।
तेज गरज चमक के साथ रात आठ बजे से बारिश शुरू हो गई, जो रुक-रुक कर देर रात तक चलती रही। बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिल गई। लेकिन, नालियों के ओवरफ्लो होने से कई इलाकों में सड़कों और गलियों के मार्ग पर गंदा पानी पसर गया। खाली प्लॉटों में पहले से पड़े कूड़ों से दुर्गंध उठने लगी है। साथ ही खाली प्लॉट में बारिश का पानी भी इकट्ठा है, फ्लाई ओवर के पार चंदन नगर कॉलोनी के निवासियों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
लोगों का कहना है कि नारकीय स्थिति अभी है तो जब लगातार बारिश होगी तब क्या होगी। इस समय इस इलाके में राह चलना तक मुश्किल हो गया है। खोवा मंडी के सामने गली से जल निगम मार्ग पर चलने पर जगह-जगह सड़कों पर पानी लगे हुए हैं। जल निगम कार्यालय के ठीक बाहर मुख्य मार्ग पर गंदा पानी बह रहा है। लंबे समय से पानी बहने से काई लग गई है।
इससे फिसलन की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसी के ठीक सामने खाली प्लॉट में कूड़े का ढेर लगा हुआ है। आगे बढ़ने पर बाएं ओर गली के मुख्य मार्ग पर जलभराव की स्थिति है। वहीं, रौजा ओवरब्रिज से उतरते ही बांये साइड में चंदन नगर कॉलोनी जाने वाले रास्ते पर आरईएस की ओर से 50 लाख की लागत से 600 मीटर लंबा आरसीसी नाले का निर्माण कराया जा रहा है।
मलबे का ढेर सड़क पर लगा दिया गया है। इसके कारण आवागमन के लिए महज दो फीट का रास्ता बचा है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है