कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के महरौड़ा गांव के मौजा चकसिया में सिपाही के घर विषाक्त पदार्थ खाने से युवती सोनी राजभर (22) की मौत के मामले में परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार की रात करीब आठ बजे शव गांव पहुंचा। परिजनों ने उसे दरवाजे पर रखकर आरोपी सिपाही गोविंद राजभर की गिरफ्तारी की मांग शुरू कर दी। उनका कहना था कि आरोपी सिपाही को मौके पर बुलाया जाए और उसके परिजनों के खिलाफ भी गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाए। पुलिस के जल्द गिरफ्तारी और विधिक कार्रवाई के आश्वासन पर 19 घंटे बाद परिजन माने और बृहस्पतिवार देर शाम शव का अंतिम संस्कार किया।
तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मी पूरी रात गांव में डटे रहे। बृहस्पतिवार सुबह से शाम तक पुलिस की बातचीत और कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजन शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए रवाना हुए। इसके बाद भी सुरक्षा के लिहाज से गांव में पुलिस बल तैनात रहा।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव रखे हुए थे। उन्हें जल्द गिरफ्तारी और विधिक कार्रवाई का भरोसा दिया गया, जिसके बाद वे अंतिम संस्कार के लिए चले गए। युवती के शव का अंतिम संस्कार सिधागरघाट पर हुआ। मुखाग्नि पिता रामकृपाल यादव ने दी।
शादी से इन्कार पर खाया था जहर
मऊ जिले के हलधरपुर थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव निवासी रामकृपाल राजभर ने मंगलवार को कासिमाबाद थाने में तहरीर दी थी। बताया था था कि उनकी 22 बेटी सोनी राजभर का महरौड़ा गांव के मौजा चकसिया निवासी गोविंद राजभर से पांच साल से संबंध था। गोविंद ने शादी का वादा किया था, लेकिन पुलिस में भर्ती होने के बाद शादी से इन्कार कर दिया।
सोमवार को गोविंद के घर आने की जानकारी पर सोनी उससे मिलने पहुंची थी। वहां शादी से इन्कार करने पर उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसके मामा हरिहर राजभर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कासिमाबाद ले गए, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
इस संबंध में आरोपी गोविंद राजभर के पिता सुरेश राजभर ने कहा था कि युवती घर के अंदर नहीं मरी थी। पिता ने बताया कि गोविंद राजभर देवरिया में सिपाही है। छुट्टी लेकर घर आया था, सोमवार की दोपहर 3 बजे ड्यूटी पर चला गया था।