मिशन शक्ति के तहत महिलाओं से संबंधित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूकता एवं महिला जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को लोकनिर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में हुआ। इसमें पीड़ित परिवारों एवं अन्य परिवारों की महिलाओं को शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
जागरूकता शिविर के दौरान पुरुषों के समान पारिश्रमिक का अधिकार ,यौन उत्पीड़न की पीड़िता का नाम सार्वजनिक न होने का अधिकार, पति अथवा रिश्तेदारों के खिलाफ घरेलू हिंसा से सुरक्षा का अधिकार, कामकाजी महिलाओं को मातृत्व संबंधी लाभ का अधिकार, कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ अधिकार, रात में गिरफ्तार न करने का अधिकार, संपत्ति में बराबरी का अधिकार, पीड़िताओं को क्षतिपूर्ति पाने का अधिकार, मुफ्त कानूनी सहायता का अधिकार के बारे में बताया गया। साथ ही नि:शुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने के लिए हेल्पलाइन 1090 की जानकारी दी गई। जागरूकता शिविर में विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य शशि मौर्या, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव कमायनी दुबे, जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रभात कुमार, एसीएमओ डा . केके वर्मा, एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी आदि मौजूद रहे।
जनसुनवाई में आए 12 मामले, दो का निस्तारण
गाजीपुर। करंडा ब्लाक के सिकंदरपुर गांव स्थित पंचायत भवन में मिशन शक्ति के तहत चौपाल लगाया गया। इस दौरान बाल सेवा योजना कोविड -19, बाल सेवा योजना सामान्य, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन एवं महिला कल्याण विभाग के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें बाल सेवा योजना के चार आवेदन, कन्या सुमंगला योजना के पांच आवेदन और निराश्रित महिला पेंशन के पांच आवेदन, वृद्धा पेंशन योजना के तीन आवेदन पत्र मिले। वहीं राजकीय गेस्ट हाउस सभागार कक्ष में जनसुनवाई के दौरान 12 मामले आए, जिसमें दो जमीन विवाद एवं शेष 10 प्रकरण घरेलू हिंसा के थे। इसमे दो प्रकरण का पूर्ण निस्तारण तत्काल करते हुए सुलह कराया गया।