सैदपुर क्षेत्र के अठगांवा स्थित लोधी सिंह द्वारिका सिंह हॉकी स्टेडियम पर स्व. शिवशंकर सिंह की स्मृति तथा स्व. हरिकेश सिंह बब्लू स्मारक अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता आयोजित की गई है। इसमें शनिवार को पांचवें दिन खेले गए सेमी फाइनल मैचों में गंगापुर उड़ीसा और मेजबान एलएसडीएस अठगांवा ने मैच जीत कर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पहला सेमीफाइनल गंगापुर उड़ीसा और अंबुज हॉकी अकादमी गाजीपुर के बीच खेला गया। गाजीपुर की टीम ने तीसरे मिनट में एक गोल कर बढ़त बना ली। इसके बाद आधे हाफ तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। दूसरे हाफ में उड़ीसा की टीम ने क्रमशः 32वें, 33वें, और 56वें मिनट में 3 गोल कर स्कोर 3-1 कर जीत दर्ज की। दूसरा मैच एलएसडीएस अठगांवा और स्पोर्ट्स हॉस्टल वाराणसी के बीच खेला गया। इसमें अठगांवा की टीम के अजय यादव ने तीसरे, 12वें और 25वें मिनट में 3 गोल कर टीम को बढ़त दिलाई।
खेल के अंतिम समय में कप्तान बंटी यादव और उसके बाद डब्बू ने 1-1 गोल कर अ्ठगांवा को 5-0 के बड़े अंतर से जीत दिलाई। अंपायर की भूमिका में आशीष सिंह, शैलेश सिंह, सौरभ, मुमताज़ तथा हरेंद्र चौधरी एवं उद्घोषक संतोष कुमार रघुवंशी रहे। अंत में आयोजक पूर्व एमएलसी डॉ. कैलाश सिंह तथा आलोक सिंह ने आभार व्यक्त किया।