चाचा बोले, सूर्यकुमार ने कैच नहीं मानो वर्ल्ड कप पकड़ लिया
सूर्य कुमार के चाचा राजकपूर ने बताया कि दक्षिण अफ्रीका को जब तीस गेंद पर तीस रन बनाने थे तो हम लोग मायूस हो गए थे, लेकिन बुमराह और अर्शदीप की शानदार गेंदबाजी ने मैच का रुख बदल दिया। इसके बाद सूर्यकुमार ने जिस ढंग से मिलर का कैच लिया वह कैच नहीं मानो वर्ल्ड कप पकड़ा हो। यह कैच भारत की जीत के लिए वरदान साबित हुआ।
टी-20 विश्वकप का फाइनल मुकाबले को लेकर क्रिकेट खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में गजब का उत्साह था। रोमांचक ढंग से भारत के मैच जीतते ही आधी रात को क्रिकेट प्रेमियो ने जगह-जगह पटाखे फोड़े और आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया।
रात में फूटे पटाखे, जमकर हुई आतिशबाजी
शनिवार रात मैच शुरु हुआ लोग टीवी सेट से चिपक गए। पावर प्ले में भारतीय टीम के तीन विकेट गिर जाने से क्रिकेट प्रेमी निराश हो गए लेकिन इसके बाद विराट कोहली एवं अक्षर पटेल की शानदार साझेदारी ने जोश बढ़ा दिया। इसके बाद शिवम दुबे और हार्दिक की बल्लेबाजी की बदौलत भारतीय टीम ने 176 रन का लक्ष्य निर्धारित किया।
जवाब में खेलने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम शानदार बल्लेबाजी कर रही थी। एक समय लगा कि अब भारतीय टीम मुकाबले से बाहर हो गई। लेकिन रोमांचक ढंग से दक्षिण अफ्रीका को सात रन से हराकर भारटीय टीम ने 17 वर्ष बाद एक बार फिर इतिहास रच दिया। इससे खेल प्रेमी खुशी से उछल पड़े।